रायगढ़। बुढ़ी माई महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में आगामी 22 दिसंबर से सार्वजनिक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन 1 जनवरी तक चलेगा, जिसकी शुरुआत 22 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कथा का वाचन साराडीह के कथावाचक मनोज तिवारी करेंगे।
आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समिति की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा
आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में सदस्यों ने जनसहभागिता और सामाजिक एकता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया। बैठक में मुख्य रूप से राजू पांडेय, वीरेंद्र सिंह गौतम, अंशु टूटेजा, योगेश दुबे, समीर सिंह, अभिषेक सिंह, आशुतोष सिंह, कपिल मिश्रा, आनंद पांडेय और निहाल सिंह सहित कई सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
1 जनवरी को भंडारे के साथ होगा समापन
समिति के अनुसार 22 दिसंबर से शुरू होकर श्रीराम कथा 31 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद 1 जनवरी को भव्य भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ इस आयोजन का विधिवत समापन होगा। मंदिर समिति ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर सहयोग और सहभागिता निभाने की अपील की है।









