छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सारंगढ़ में नशे में धुत बदमाशों ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला: गर्दन पर किया वार, आरोपी अब भी पकड़ के बाहर

सारंगढ़. नवगठित ज़िले सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। घौठला गांव के मुख्य बाज़ार में मंगलवार शाम को स्थानीय पत्रकार जगन्नाथ बैरागी पर जानलेवा हमला हुआ। नशे में धुत दो युवकों ने पहले गाली-गलौच की और फिर गर्दन पर धारदार वस्तु से वार कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने हस्तक्षेप कर हमला रोक दिया, जिससे पत्रकार की जान बच सकी।

हमले की पूरी घटना:

मंगलवार शाम करीब 6 बजे पत्रकार जगन्नाथ बैरागी अपनी माताजी और भतीजी के साथ घौठला बाज़ार गए थे। होटल में नाश्ता करते समय पास में खड़ी उनकी कार के पास बसित सिदार नामक युवक नशे की हालत में गिर पड़ा। कार को लेकर सवाल उठाते हुए उसने अचानक गाली-गलौच शुरू कर दी। जब पत्रकार ने आपत्ति जताई और अश्लील भाषा न बोलने की चेतावनी दी, तो बसित ने गर्दन पर वार कर दिया। उसके साथ मौजूद आनंद बरेठ नामक युवक ने भी मारपीट में उसका साथ दिया।

खुलेआम हमला, कानून का नहीं कोई भय:

दिनदहाड़े हुए इस हमले से यह साफ हो गया कि अब अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई डर नहीं बचा है। जिस प्रकार पत्रकार को जान से मारने की नीयत से गर्दन पर वार किया गया, वह न सिर्फ व्यक्तिगत हमला था, बल्कि पत्रकारिता जैसे लोकतांत्रिक स्तंभ पर सीधा हमला है।

हमले के बाद धमकी भी दी गई:

घटना के दौरान ही हमलावरों ने पत्रकार को धमकाया कि अगर वह दोबारा बाज़ार या गांव आया, तो उसे झूठे केस में फंसाकर जान से मार दिया जाएगा। यह सीधे-सीधे भय का माहौल बनाने और स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने का प्रयास है।

गले पर हमला और FIR की कॉपी

पत्रकार संगठनों ने की कड़ी निंदा, FIR दर्ज:

घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष नरेश चौहान, जिला प्रेस क्लब के सचिव संतोष चौहान और अन्य पत्रकार संगठन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर से मेडिकल परीक्षण कराकर बसित सिदार और आनंद बरेठ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पत्रकार संगठनों की चेतावनी:

नरेश चौहान ने कहा, “यह हमला सिर्फ एक पत्रकार पर नहीं, पूरी पत्रकारिता पर है। गर्दन पर वार करने का अर्थ है हत्या का प्रयास। यदि आरोपियों पर सख्त धाराओं में कार्रवाई नहीं हुई तो जिले भर के पत्रकार आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”

थाना प्रभारी का बयान:

कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा, “प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। कानून से कोई नहीं बचेगा।”

ग्राम प्रतिनिधियों का भी कड़ा रुख:

ग्राम पंचायत बाजारबड़े के सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश (अंबू) पटेल ने कहा, “हम पत्रकार और कानून के साथ हैं। दोषियों पर ग्राम स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी।”

पूर्व सरपंच प्रतिनिधि देवनारायण पटेल ने बताया कि “बसित सिदार नशे का आदी और आदतन अपराधी है। ऐसे लोगों के कारण गांव की छवि खराब होती है। कानून को ऐसे व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।”

फिलहाल आरोपी फरार हैं और पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर आमजन में सवाल उठ रहे हैं। पत्रकार संगठनों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ख़बर शेयर करें: