टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर कुंजापुरी देवी मेले में हुए विवाद को लेकर माफी मांग ली है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मेहंदी बंधुओं से बात कर मंत्री की ओर से खेद जता चुके थे, जिसकी जानकारी गायक मीका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी थी।
सुबोध उनियाल द्वारा माफी मांगे जाने के बाद मीका सिंह की टीम की तरफ से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया। टीम ने मंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है।
मीका सिंह की टीम ने की मंत्री के कदम की सराहना
मीका सिंह की टीम द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘हम इस बात की सराहना करते हैं कि सुबोध उनियाल ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर टेलीफोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी पाजी से माफी मांगी है। कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है। दलेर पाजी एक सीनियर कलाकार हैं, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में बहुत बड़ा योगदान दिया है।’
बयान में आगे कहा गया कि हर कलाकार के साथ सम्मान से पेश आया जाना चाहिए। टीम ने उम्मीद जताई कि अब यह मामला यहीं खत्म हो जाएगा और सभी आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ेंगे।
नवरात्रि पर मेले के दौरान हुआ था विवाद
यह पूरा विवाद 18 अक्टूबर को नवरात्रि के मौके पर टिहरी गढ़वाल के कुंजापुरी देवी मेले के दौरान शुरू हुआ था। उस समय दलेर मेहंदी मंच पर लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे। कार्यक्रम के बीच में ही मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और उन्होंने परफॉर्मेंस रुकवा दी थी।
मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में हैं और केवल लिप-सिंक कर रहे हैं। हालांकि, इसके बाद मंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने रुख का बचाव करते हुए कहा था कि यदि कलाकार की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें आयोजकों या दर्शकों को पहले ही सूचित करना चाहिए था।
मीका सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप, दलेर रहे खामोश
इस घटना के बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर कड़ा एतराज जताया था और सार्वजनिक माफी की मांग की थी। मीका सिंह ने स्पष्ट किया था कि उनके भाई ने कभी शराब नहीं पी और कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत खराब थी। मीका ने सवाल उठाया था कि एक वरिष्ठ कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार कैसे किया जा सकता है।
मंत्री द्वारा माफी मांगे जाने के बाद अब इस विवाद के शांत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर गायक दलेर मेहंदी ने खुद अब तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।








