बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा (जनक पहरी) में रविवार रात गणेश पंडाल में डीजे पर नाचने और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर नाम के युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। गांव में पारंपरिक बिदर त्योहार मनाया जा रहा था और उसी दौरान गणेश पंडाल में डीजे बज रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब के नशे और पुरानी रंजिश के बीच डीजे पर नाचने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।

लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला, पथराव भी हुआ
विवाद बढ़ने पर एक पक्ष की ओर से लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले में शैलेष कुमार राठौर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चार घायलों का उपचार जारी है।

एडिशनल एसपी पहुंचीं मौके पर, 10 से अधिक संदेही हिरासत में
वारदात की सूचना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बिलासपुर की एडिशनल एसपी (ग्रामीण) मधुलिका सिंह खुद पुलिस टीम के साथ सुबह गतौरा गांव पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक संदेहियों को हिरासत में लिया है। मस्तूरी थाने में इन सभी से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।









