रायगढ़। झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर बीमारी ठीक करने और शादी की बाधाएं दूर करने का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने और लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घरघोड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों पर पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर शारीरिक शोषण करने और करीब 6 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने 5 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना स्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र का होने की वजह से मामला वहां स्थानांतरित किया गया। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
बीमारी ठीक करने के बहाने बुलाया और दिया नशीला जल
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के जरिए उसका संपर्क चंद्र कुमार जायसवाल से हुआ था। आरोपी के बारे में दावा किया गया था कि वह हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक से बीमारियों का इलाज करता है। पीड़िता ने उससे संपर्क कर शारीरिक दर्द और विवाह न होने की समस्या बताई, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ से सब ठीक करने का आश्वासन दिया।

इसके बाद 8 मार्च 2026 को आरोपी ने इलाज और अनुष्ठान के नाम पर पीड़िता को घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां पहले से गायत्री मानिकपुरी मौजूद थी, जिसे पूजा-पाठ कराने वाली बताया गया। उसने पीड़िता से पूजा सामग्री मंगवाई और भरोसा दिलाया कि महिला होने के नाते वह भी वहीं मौजूद रहेगी। आरोप है कि पूजा और हवन के दौरान चंद्र कुमार ने अभिमंत्रित जल के नाम पर महिला को नींद की दवा मिला पानी पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश में आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने इसे दोष निवारण की प्रक्रिया बताकर शांत कराने की कोशिश की।
लाखों रुपये की वसूली और पुलिस कार्रवाई
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। बाद में वेस्टीज कंपनी के बिजनेस में काम दिलाने का झांसा देकर दबाव बनाते हुए अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो उसे डराया-धमकाया गया।
घरघोड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू की टीम ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पूर्व में प्रेम संबंध में थे और उन्होंने मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।









