रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास दबिश देकर 47 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ और एक ब्रेजा कार सहित कुल 8.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार क्रमांक CG 13 AQ 4225 में अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में टीम मौके पर भेजी गई।
ड्राइवर सीट के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रामभांठा, जगतपुर (सेंट माइकल स्कूल के सामने), रायगढ़ निवासी अमरजीत सिंह (20 वर्ष), पिता रघुवीर सिंह के रूप में हुई।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में 47 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस मादक पदार्थ को रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने यह अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना बताया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने गवाहों के समक्ष कार्रवाई करते हुए लगभग 10,000 रुपये कीमत की 47 ग्राम अफीम और करीब 8 लाख रुपये मूल्य की ब्रेजा कार जब्त की। कुल जब्ती मूल्य 8.10 लाख रुपये आंका गया है। आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में धारा 18(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक गणेश राठिया, ओसनिक विश्वाल, नवधा प्रसाद भैना और महिला आरक्षक हेमलता एक्का शामिल रहे।









