रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9 नए मतदान केंद्र बनाने, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 13 केंद्रों के स्थान बदलने और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के 3 जर्जर भवनों के मतदान केंद्रों को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से युक्तियुक्तकरण प्रस्तावों पर सुझाव लिए।
लैलूंगा में 7 और धरमजयगढ़ में 2 नए मतदान केंद्र बनेंगे
मतदाताओं को वोट डालने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में 7 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें प्राथमिक शाला कोन्दाटिकरा, गोढ़ी, केकराझरिया, बरडीह, बांधापाली, पाली और माध्यमिक शाला टांगरघाट शामिल हैं। वहीं धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तराईमार और पंडरीपानी में 2 नए मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।
रायगढ़ के 13 केंद्रों के स्थान और लैलूंगा के 3 जर्जर भवनों में बदलाव
रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 13 मतदान केंद्रों के स्थान बदलने का प्रस्ताव है। इसके तहत शासकीय हाई स्कूल रामभांठा के केंद्र क्रमांक 17 और 23 को डॉ. कैलाशनाथ काटजू प्राथमिक शाला, प्राथमिक शाला मिट्ठूमुड़ा के केंद्र क्रमांक 111 को राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला, संत विनोबा नगर आंगनबाड़ी केंद्र के केंद्र क्रमांक 114 को भारतीय खाद्य निगम आगार कार्यालय और सराईभद्दर के केंद्र क्रमांक 122 व 123 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सराईभद्दर में स्थानांतरित करने की योजना है।
इसी तरह कबीर चौक स्थित मांगलिक भवन के केंद्र क्रमांक 126 और 127 को बीमा चिकित्सा कार्यालय में शिफ्ट किया जाएगा। बाल मंदिर के केंद्र क्रमांक 53, सीजीएम बंगला सामुदायिक भवन के केंद्र 54 व 56 तथा शासकीय इंदिरा गांधी बालक प्राथमिक शाला के केंद्र 55 को सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। मिट्ठूमुड़ा स्थित सामुदायिक भवन शिव मंदिर के केंद्र क्रमांक 113 को राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला में भेजा जाएगा।
लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में भवनों की जर्जर स्थिति के कारण 3 मतदान केंद्रों को बदला जा रहा है। खेडआमा के केंद्र क्रमांक 37 को प्राथमिक शाला से माध्यमिक शाला खेडआमा, टटकेला के केंद्र 125 को प्राथमिक शाला से लोहारपारा आंगनबाड़ी भवन और लमडांड के केंद्र 133 को माध्यमिक शाला से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमडांड में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा कुछ केंद्रों के नामों में संशोधन और धरमजयगढ़ में अनुभाग स्थानांतरण का भी प्रस्ताव है।
जिले में 8.52 लाख से अधिक मतदाता, 12 नवंबर से दावे-आपत्तियां
बैठक में साझा की गई जानकारी के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8,52,629 पहुंच गई है। इनमें लैलूंगा में 2,00,094, रायगढ़ में 2,36,275, खरसिया में 2,08,122 और धरमजयगढ़ में 2,08,138 मतदाता हैं। 29 सितंबर 2026 के बाद नाम जोड़ने के लिए 11,678 नए फॉर्म-6 डिजिटाइज किए गए हैं। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1.94 प्रतिशत मतदाता वृद्धि दर्ज हुई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का कार्य 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इन दावों का निराकरण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। अपर कलेक्टर ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया है।









