रायगढ़। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारकर 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में साइबर थाना, पुलिस लाइन और धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने दर्रीडीह और खलबोरा के बीच जंगल में यह कार्रवाई की। मौके से ताश के पत्तों के साथ नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
दर्रीडीह-खलबोरा के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जुआ-सट्टा पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में जुआ खेले जाने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में जंगल की घेराबंदी की और 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में अमित केरकेट्टा (30 वर्ष, निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़), स्वरूप टोप्पो (22 वर्ष, निवासी कांसाबेल), जोगेंद्र एक्का (40 वर्ष, निवासी दर्रीडीह), वृंदावन गुप्ता (35 वर्ष, निवासी दर्रीडीह), सुरेश सारथी (36 वर्ष, निवासी शाहपुर) और नारायण (50 वर्ष) शामिल हैं।
नकदी, मोबाइल और चार मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस टीम ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से 22,180 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त वाहनों में तीन पंजीकृत मोटरसाइकिलें (क्रमांक CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427, CG 13 AR 5149) और एक बिना नंबर की डिस्कवर बाइक शामिल है। पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 3,22,180 रुपये है।
मामले में थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा सभी आरोपियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के साथ प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू और पुलिस लाइन व धरमजयगढ़ थाने का स्टाफ शामिल रहा।









