रायगढ़। जिले के रायगढ़ वन मंडल परिक्षेत्र में वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने जंगली सूअर का शिकार करने के मामले में तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी शिकार के बाद जंगली सूअर के मांस का बंटवारा कर रहे थे, तभी टीम ने दबिश देकर उन्हें धर दबोचा।
मांस के बंटवारे के दौरान उड़नदस्ता टीम की दबिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई रायगढ़ वन मंडल परिक्षेत्र अंतर्गत की गई है। वन विभाग के उड़नदस्ते को तिलगा-भगोरा इलाके में जंगली सूअर के शिकार की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम मौके पर पहुंची। जिस समय वन अमले ने छापा मारा, उस दौरान आरोपी शिकार किए गए जंगली सूअर के मांस को आपस में बांट रहे थे।
तीन आरोपी हिरासत में, आगे की जांच जारी
उड़नदस्ता दल ने मौके से मांस जब्त करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वन विभाग की टीम तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









