जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव में भीतर रैनी की रस्म से ठीक पहले एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति का पैर कट गया है, जिसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए विजय रथ की गतिविधियों को तुरंत रोक दिया गया। घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

गोलबाजार परिक्रमा की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
बस्तर दशहरा की परंपरा के अनुसार भीतर रैनी के दिन आठ चक्कों वाले विशाल विजय रथ से गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस रस्म और रथ संचालन को देखने के लिए बुधवार को भी हजारों की तादाद में श्रद्धालु और स्थानीय लोग एकत्रित हुए थे। परिक्रमा शुरू होने से पहले भारी भीड़ जमा थी और इसी दौरान धक्का-मुक्की के बीच दो लोग रथ के पहिए की जद में आ गए।

माता दंतेश्वरी का छत्र विराजित होने से पहले घटी घटना
परंपरा के मुताबिक मावली परघाव की रस्म संपन्न होने के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है और फिर परिक्रमा आरंभ होती है। हादसे के वक्त तक माता दंतेश्वरी का छत्र रथ पर सवार नहीं किया गया था। घटना के तुरंत बाद मौके पर राहत एवं आवश्यक प्रबंध किए गए और घायल को उपचार के लिए भेजा गया।









