रायगढ़/तमनार। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महलोई में एक शंका के चलते खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। पत्नी के लापता होने के शक में एक व्यक्ति ने 60 वर्षीय बुजुर्ग पर लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया) से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
शक की आग में अंधा हुआ आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम महलोई निवासी दूजराम चौहान (64 वर्ष) को संदेह था कि उसकी पत्नी को गांव के ही भागीरथी किशान (60 वर्ष) ने कहीं भगा दिया है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भागीरथी के साथ गाली-गलौज और विवाद कर रहा था।
गली में खड़े बुजुर्ग पर किए ताबड़तोड़ वार
मामला 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे का है। भागीरथी किशान अपने घर के सामने गली में खड़े हुए थे, तभी आरोपी दूजराम चौहान हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंच गया। उसने पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद “जान से मार दूंगा” कहते हुए उसने भागीरथी के सिर पर टंगिया से लगातार तीन-चार गंभीर वार कर दिए। हमले में लहूलुहान होकर बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल से मिली सूचना, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद घायल भागीरथी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार ले जाया गया, जहाँ से अस्पताल की सूचना पर थाना तमनार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रार्थी (घायल के पुत्र विनोद किशान) की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
तमनार पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी दूजराम चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ और उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर रेफर किए गए घायल बुजुर्ग
घायल भागीरथी किशान की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल रायगढ़ भेजा गया, जहाँ हालत में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है।









