छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पत्रकारों के साथ बदसलूकी: पंडित चक्रपाणी स्कूल की प्रभारी प्राचार्या वंदिनी श्रीवास्तव हटाई गईं

बलौदाबाजार। शहर के पंडित चक्रपाणी शुक्ल उत्कृष्ट विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या वंदिनी श्रीवास्तव को पद से हटा दिया गया है। विद्यालय में एक शिक्षक के शराब पीकर पहुंचने, छात्र-छात्राओं से कथित अभद्र व्यवहार और मामले की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों से हुए विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत वंदिनी श्रीवास्तव को दायित्व से मुक्त करते हुए वरिष्ठ व्याख्याता निर्मला साहू को विद्यालय का अस्थायी प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार सौंपा गया है।

इसके साथ ही स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने और छात्र-छात्राओं के साथ कथित गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार के आरोपी व्याख्याता नरेश तिवारी पर भी शिकंजा कसा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने व्याख्याता के निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर शिक्षा संचालनालय रायपुर को भेज दिया है। यह कार्रवाई 18 सितंबर 2026 को जारी आदेश के बाद सामने आई है।

पत्रकारों से बदसलूकी और चार घंटे चला धरना

पूरा मामला उस समय गरमाया जब कुछ दिन पहले मीडियाकर्मी शिक्षक नरेश तिवारी के खिलाफ मिली शिकायतों की पड़ताल और कवरेज के लिए स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि तत्कालीन प्रभारी प्राचार्या वंदिनी श्रीवास्तव ने पत्रकारों को कवरेज करने से रोका और अपने चेंबर से बाहर जाने को कहा। इस दौरान प्राचार्या और मीडियाकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई।

कथित बदसलूकी के विरोध में पत्रकारों ने स्कूल परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया और दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रकाश कोरी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी और कोतवाली थाना प्रभारी लाखेश केवट मौके पर पहुंचे। देर रात करीब 8 बजे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद पत्रकारों ने धरना समाप्त किया था।

जांच में आरोप सही पाए गए आरोप

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। जांच दल ने मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम के साक्ष्य और बयान जुटाए। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने की रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को सौंपी गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार गेंदले ने वंदिनी श्रीवास्तव को प्रभारी प्राचार्य पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया। अब विद्यालय की सभी प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारियां वरिष्ठ व्याख्याता निर्मला साहू संभालेंगी।

ख़बर शेयर करें:

Related News