कोरबा। लिव-इन पार्टनर की डंडे से पीटकर हत्या करने और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की शराब पीने की आदत और बिना बताए घर से जाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और इसी झगड़े के दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। यह पूरा मामला श्यांग थाना क्षेत्र का है।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने पर गहराया शक
पुलिस के अनुसार, मृतका संतोषी की शादी वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। लगभग 15 वर्ष पूर्व पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। बीते करीब दो वर्षों से वह मनोज नाम के व्यक्ति के साथ लिव-इन में रह रही थी, जिसकी पत्नी की भी मौत हो चुकी थी।
रक्षाबंधन के दिन जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उसके भाइयों ने जब मनोज से पूछताछ की, तो उसने बताया कि संतोषी दो दिन पहले ही घर जा चुकी है। इसके बाद भी कई दिनों तक संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला।
सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था सड़ा-गला शव
बीती 19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोसे और परिवार के अन्य सदस्य मनोज के घर पहुंचे। वहां ताला लगा हुआ था और मनोज नदारद था। घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला था और उससे तेज बदबू आ रही थी। परिजनों की सूचना पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब सेप्टिक टैंक को खुलवाया गया, तो उसमें एक सड़ी-गली लाश मिली। परिजनों ने मृतका की पहचान संतोषी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवाद के बाद की थी पिटाई, मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया
पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। गुस्से में आकर मनोज ने डंडे से संतोषी की पिटाई कर दी। इसके बाद वह खुद खाना पकाने लगा। खाना खाने के बाद जब उसने देखा तो संतोषी के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसकी मौत हो चुकी थी। घबराकर उसने शव को सेप्टिक टैंक में डाला और ढक्कन बंद कर फरार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की मोबाइल लोकेशन अंबिकापुर में मिली। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और कोरबा ले आई। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।









