जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ गांव में जल्दी अमीर बनने के लालच में चार साल के मासूम बच्चे की गला रेतकर हत्या करने और उसके शरीर के अंग निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टेंगनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रिश्ते में बच्चे का ममेरा ताऊ लगता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अंगों को अवैध तरीके से बेचने की नीयत से बच्चे की दोनों आंखें, किडनी और फेफड़े निकाल लिए थे।
जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह के अनुसार, लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम का चार साल का बेटा जितेंद्र 5 नवंबर से लापता था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन बासुदेव बच्चे के पिता को शराब पिलाने के बहाने बस स्टैंड ले गया था। वहां से लौटते समय उसने मासूम जितेंद्र को देखा और उसे बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत के रास्ते खुंटाटांगर ले गया।
शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने पहले बच्चे को मुर्गा खिलाया और शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया, तब उसने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे की दोनों आंखें निकाल लीं और पेट व सीना चीरकर दोनों किडनी तथा फेफड़े निकाल लिए। उसने इन अंगों को एक बाल्टी में भरकर रख लिया था।
इंटरनेट और सोशल मीडिया से सीखा अंग निकालने का तरीका
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पांचवीं तक पढ़ा बासुदेव चलनी गांव में खेतों में मजदूरी करता था। वह अपनी आर्थिक स्थिति से असंतुष्ट था और महंगी बाइक समेत अन्य विलासिता का सामान खरीदने के लिए शॉर्टकट अपनाना चाहता था। इसके लिए उसने पिछले दो सालों से अपने मोबाइल पर एआई और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए कम समय में अधिक पैसे कमाने के तरीके खोजना शुरू किया था।
इसी दौरान वह मानव अंगों के अवैध कारोबार की जानकारी में उलझ गया और उसने इंटरनेट के जरिए शरीर से अंग निकालने के तरीके सीखे। आरोपी सोशल मीडिया पर हुई किसी चैटिंग को दिल्ली का बड़ा खरीदार मान बैठा था और उसे उम्मीद थी कि कोई व्यक्ति दिल्ली से आकर इन अंगों को भारी कीमत पर खरीदेगा।
अंगों को जमीन में दबाया, पुलिस ने किया बरामद
वारदात के बाद जब दो दिनों तक कोई खरीदार नहीं पहुंचा, तो आरोपी घबरा गया। इसके बाद उसने निकाले गए सभी अंगों को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर आरोपी को जंगल के पास स्थित एक झोपड़ी से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, जमीन में दबाए गए मानव अंग और उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए डीएनए टेस्ट और मोबाइल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि जल्द चार्जशीट पेश की जा सके।









