रायगढ़। शहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाके मंदिर चौक में बीती रात चोरों ने दो प्रतिष्ठानों में धावा बोलकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने प्रदीप गर्ग के जगदीश डेयरी के सामने स्थित कार्यालय की आलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी पार कर दी। इसके साथ ही ठीक सामने स्थित अशोक टी कंपनी में भी चोरी की घटना सामने आई है।
सीसीटीवी का कनेक्शन काटकर दिया वारदात को अंजाम
वारदात के दौरान चोरों ने पकड़े जाने से बचने के लिए पूरी योजना बनाई थी। प्रदीप गर्ग के दफ्तर में घुसने से पहले चोरों ने उसके ठीक सामने स्थित जगदीश डेयरी में लगे सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन काट दिया। इसके बाद कार्यालय में दाखिल होकर आलमारी का लॉकर तोड़ा और लाखों रुपये लेकर फरार हो गए।
कैमरे का कनेक्शन पहले ही काटे जाने के तरीके को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी, ताकि उनकी गतिविधि किसी भी फुटेज में दर्ज न हो सके।
व्यापारियों में चिंता
उसी रात पास ही स्थित अशोक टी कंपनी में भी चोरी की गई। एक ही रात में आसपास के दो प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने के बाद से मंदिर चौक के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है और वे सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।









