रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड के पास एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी फहीम अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। खरसिया पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल मुख्य आरोपी फैज खान की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास हुई थी। वहां ईशान पेशवानी का फैज खान और फहीम अख्तर के साथ विवाद और गाली-गलौज हो रहा था। इस दौरान ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) को फोन कर मौके पर बुलाया। जब अजय वहां पहुंचकर विवाद को शांत कराने की कोशिश करने लगा, तभी पुरानी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने उससे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
अजय जान बचाकर भागने लगा तो आरोपियों ने पीछा कर उसे घेर लिया। फहीम अख्तर ने अजय को पकड़ा और फैज खान ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अजय को पहले शासकीय अस्पताल खरसिया ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।
नागपुर भाग गया था आरोपी, घर लौटते वक्त पकड़ाया
मामले में ममता ठाकुर की लिखित शिकायत पर पुलिस चौकी खरसिया में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
पुलिस को सूचना मिली कि हनुमान चौक खरसिया निवासी फहीम अख्तर (23 वर्ष) इलाके में देखा गया है। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वारदात के बाद वह और फैज खान बिलासपुर होते हुए नागपुर भाग गए थे। नागपुर से लौटने के बाद वह छिपते हुए खरसिया स्थित अपने घर जाने की फिराक में था, तभी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और फरार फैज खान की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।









