रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित आरएस इस्पात प्लांट में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 26 वर्षीय कर्मचारी फंटूश कुमार की जान चली गई। क्रेन से उठाया जा रहा लैडर असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्रेन से लैडर उठाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी फंटूश कुमार (26) प्लांट में लैडरमैन के पद पर कार्यरत था। मंगलवार को वह परिसर में लैडर तैयार करने का काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से लैडर को उठाया जा रहा था, जो अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण प्लेटफॉर्म पर आ गिरा।
फंटूश कुमार इस भारी लैडर की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मियों ने तुरंत घटना की जानकारी कंपनी प्रबंधन को दी। इसके बाद घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई।
प्लांट में सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को भी हादसे से अवगत कराया गया।
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम प्लांट के भीतर सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









