रायगढ़। घरघोड़ा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कांकेर क्लस्टर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। 29 अक्टूबर को संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्लस्टरों से आए लगभग 515 बालक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं के परिणाम
प्रतियोगिता के दौरान कई टीम स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खो-खो, बास्केटबॉल और फुटबॉल स्पर्धाओं में कांकेर क्लस्टर ने पहला स्थान हासिल किया। खो-खो में धमतरी दूसरे और बलरामपुर तीसरे स्थान पर रहा। बास्केटबॉल में बस्तर ने दूसरा तथा बलरामपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं फुटबॉल स्पर्धा में बलरामपुर दूसरे और सुकमा तीसरे स्थान पर रहा।
कबड्डी स्पर्धा में धमतरी क्लस्टर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा। वॉलीबॉल में बलरामपुर क्लस्टर ने प्रथम, जीपीएम ने द्वितीय और कांकेर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

समारोह में पहुंचे जनप्रतिनिधि और अतिथि
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसाई सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बेसरा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार शामिल हुए। इसके अलावा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रामश्याम डनसेना, मुकेश राठिया और श्रीकांत राठिया भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इस प्रकार के आयोजनों से जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। विद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन के नोडल अधिकारी मनीराम जांगड़े के मार्गदर्शन में यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता संपन्न हुई।








