छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की पहली किस्त अब 7 मार्च को नहीं आएगी। दैनिक भास्कर मीडिया से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री से कार्यक्रम को लेकर चर्चा की जा रही है। उनकी तरफ से समय मिलने पर नई तारीख का ऐलान किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे महतारियों से धोखा बताया है।
8 की जगह 7 मार्च को मिलना था पैसा
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा आचार संहिता से पहले रायपुर में प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी सभा आयोजित करने की तैयारी में है। इसलिए महिलाओं को पैसे मिलने में अभी समय लगेगा। इससे पहले भी 8 मार्च की तारीख तय की गई थी। इसमें PM मोदी को वर्जुअली जुड़ना था, लेकिन फिर 7 मार्च का समय तय किया गया।
पीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुटी सरकार
अब प्रधानमंत्री की सभा को लेकर तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मिलने के बाद महतारी वंदन योजना के कार्यक्रम की तारीख भी तय की जाएगी। प्रधानमंत्री खुद लोगों के बीच मौजूद होकर महिलाओं को यह राशि जारी करेंगे। जिससे आने वाले लोकसभा चुनाव पर बड़ा इम्पैक्ट पड़ेगा।
कांग्रेस बोली- साय सरकार ने धोखा किया

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश के 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के साथ साय सरकार ने धोखा दिया है। पहले फॉर्म जमा करने की तारीख बताकर महिलाओं को परेशान किया गया। कई नियम के तहत दस्तावेज मांगे। आधी रात को KYC के लिए बैंक में खड़ा किया।
जब 7 तारीख नजदीक आई तो फिर आगे बढ़ा दी गई। उन्होंने कहा कि असल मायने में मोदी की इस गारंटी को पूरा करने में साय सरकार के पसीने छूट रहे हैं। इसलिए वो सिर्फ महिलाओं को तारीख पर तारीख दे रहे हैं। उनकी किस्त जमा करने से पीछे हट रहे हैं। यह प्रदेश के महिलाओं के साथ अन्याय है।



