रायगढ़। जिले की घरघोड़ा पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सीआईएसएफ कार्यालय के सामने और धरमजयगढ़ से की थी चोरी
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 को सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी तिलाईपाली में पदस्थ नीलम संजीव बेक ने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 7 अक्टूबर 2026 की सुबह लैलूंगा रोड स्थित सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर बाइक (क्रमांक CG-04-LF-3373) अज्ञात चोर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 10 नवंबर 2026 को लैलूंगा मुख्य मार्ग पर शनि मंदिर के पास घेराबंदी की। वहां चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे दो संदिग्धों सुकसागर राठिया (20 वर्ष, निवासी कोनपारा, घरघोड़ा) और देव पैंकरा (20 वर्ष, निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पहचान छिपाने के लिए तोड़ी नंबर प्लेट और मिटाया इंजन नंबर
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पीने और मौज-मस्ती के खर्च जुटाने के लिए बाइक चोरी की थी। आरोपियों ने करीब एक महीने पहले सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने से काले रंग की पल्सर और ग्राम ओंगना (धरमजयगढ़) से एक अन्य काला-सफेद रंग की पल्सर चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी और इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने की कोशिश की थी। इसके साथ ही सफेद रंग की पल्सर पर काला रंग पोतकर उसकी मूल पहचान भी छिपाने का प्रयास किया था। साक्ष्य मिटाने के इस कृत्य पर मामले में बीएनएस की धारा 238 और 3(5) भी जोड़ी गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी, तीसरे की तलाश जारी
घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी शशी मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर पुलिस की नजर है और चोरी की वारदातों में लिप्त गिरोहों की पहचान कर संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।









