रायगढ़। जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विकासखंड लोईंग के ग्राम छुहीपाली स्थित हेल्थ मेला शिविर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान शिविर में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच के तहत 48 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि परिवार नियोजन से जुड़े 10 हितग्राहियों को परामर्श दिया गया। इसके अलावा फाइलेरिया से पीड़ित एक मरीज का फॉलोअप भी किया गया।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को लोईंग में संचालित नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं से अवगत कराया। इसका उद्देश्य युवाओं और स्थानीय निवासियों को शराब, तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और लत से प्रभावित लोगों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है।
नशा मुक्ति केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था
लोईंग में संचालित विशेष नशा मुक्ति केंद्र में 10 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध है, जहां मरीजों को 24 घंटे निःशुल्क उपचार दिया जा रहा है। यहां डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और काउंसलर तैनात किए गए हैं। नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार के लिए मेडिकल डिटॉक्सिफिकेशन, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा, नियमित काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा दी जाती है।
मरीजों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए केंद्र में योग, ध्यान और व्यायाम कराया जाता है। इसके साथ ही संतुलित व पौष्टिक आहार और अनुकूल वातावरण भी दिया जाता है। परिवार के सदस्यों को भी परामर्श दिया जाता है ताकि वे मरीज के पुनर्वास में सहयोग कर सकें। उपचार पूरा होने के बाद मरीज दोबारा नशे की चपेट में न आएं, इसके लिए नियमित फॉलोअप की व्यवस्था भी की गई है।
नशामुक्त समाज के लिए स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि नशे को केवल व्यक्तिगत समस्या न मानकर सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखें। विभाग ने लोगों से आग्रह किया कि वे नशामुक्ति अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ें और नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को लोईंग स्थित केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. जावेद मरीकर, डीएलओ डॉ. अविनाश चन्द्रा, जिला मीडिया अधिकारी उमा महंत और डीपीएचएन एनसीडी सलाहकार सीमा बरेठ उपस्थित रहे।









