रायगढ़। केलो डेम के पास युवक और युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम (20 वर्ष) के कब्जे से पुलिस ने पीड़िता का लूटा हुआ मोटोरोला मोबाइल, अपराध में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और उसका अपना मोबाइल फोन जब्त किया है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सैर करने पहुंचे युवक-युवती से की थी मारपीट और लूट
पुलिस के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22 वर्ष) ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। वापसी के दौरान 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और महिला मित्र के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से 1,500 रुपये नकद, आईफोन 12 मिनी और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। इसके बाद वे बुलेट की चाबी फेंककर मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
पहले पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में सोहेल अंसारी (23 वर्ष) और रणवीर कुमार (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष उनकी पहचान परेड कराई थी। इसके बाद तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता (24 वर्ष) को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 13 AX 1602) बरामद की गई थी। पूछताछ में रामकुमार ने बताया था कि युवती का लूटा गया मोटोरोला मोबाइल फरार साथी मोहम्मद मोफिद आलम के पास है।
उर्दना-रायगढ़ मार्ग पर पंचर की दुकान चलाने वाला आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम घटना के बाद से फरार था। कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दुकान के पास दबिश देकर उसे दबोच लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्रवाई के बाद आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके आधार पर लूटा गया सामान जब्त कर उसे रिमांड पर भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









