रायपुर। आश्रम तिराहा स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना नहीं बजाने को लेकर बार कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
ग्राहक पक्ष का आरोप: गाना नहीं बजाने पर बैट-बल्ले से की गई मारपीट
ग्राहक योगेश चिचोलकर (32) के अनुसार, वह अपने साथी तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में गया था। वहां छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। योगेश का आरोप है कि बार कर्मचारी दीपक मिश्रा, बबलू सिंह और उनके साथियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों व बैट-बल्ले से हमला कर दिया। इस मारपीट में योगेश के चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोटें आई हैं, जबकि उसके दोनों साथियों को भी चोटें लगी हैं।
बार कर्मचारी ने लगाया गाली-गलौज और हमले का आरोप
वहीं दूसरी ओर बार के वेटर दीपक मिश्रा (20) ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि योगेश, तरुण दास और घनश्याम बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की जिद कर रहे थे। गाना बजाने से मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। दीपक का आरोप है कि विरोध करने पर ग्राहकों ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई। घटना के दौरान बार मैनेजर उदय सिंह, वेटर बबलू सिंह और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किया मामला
आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
एफआईआर के मुताबिक, ग्राहक की शिकायत पर 26 अक्टूबर को रात 2:41 बजे और बार कर्मचारी की शिकायत पर रात 3:13 बजे मामला दर्ज किया गया। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









