रायगढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों में जहां पुलिस लाइन उर्दना में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) कराई गई, वहीं गुजरात के एकतानगर में आयोजित विशेष एकता परेड का जिले के 22 स्थानों पर सीधा प्रसारण दिखाया गया।
सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र और छठवीं वाहिनी के जवानों ने संयुक्त रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया। इसमें जिला पुलिस और सशस्त्र वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिले के 22 स्थानों पर हुआ एकता परेड का प्रसारण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 22 स्थानों पर गुजरात के एकतानगर से राष्ट्रीय एकता परेड की लाइव स्ट्रीमिंग की गई। प्रमुख चौराहों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने पुलिसकर्मियों के साथ प्रसारण देखा।
जिला पुलिस कार्यालय में भी विशेष तौर पर एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी व छात्र उपस्थित रहे।
एकता की भावना ही भारत की सबसे बड़ी ताकत: एसएसपी
मीडिया से बातचीत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस गौरव और प्रेरणा का दिन है। एकतानगर से प्रसारित एकता परेड विविधता में एकता की मिसाल पेश करती है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्यातक भारत एक है, भले ही भाषाएं और संस्कृतियां अलग हों लेकिन राष्ट्रीय पहचान एक ही है।
एसएसपी ने यह भी कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की भूमिका सदैव अहम रही है। इस प्रकार के आयोजनों से जवानों का मनोबल बढ़ता है और देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है।









