रायगढ़। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे भारत जोड़ो न्याय यात्रा के छत्तीसगढ़ रूट को लेकर मंथन करेंगे। पायलट आज झारसुगुड़ा से सीधे रायगढ़ पहुंचेंगे।
न्याय यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने अलग-अलग समितियां बनाई हैं। इन्हीं समितियों के प्रभारियों के साथ सचिन पायलट चर्चा करेंगे। पायलट दो दिन में न्याय यात्रा के रूट रायगढ़ से लेकर अंबिकापुर तक सभी जिलों में बैठक करेंगे।
रायगढ़ से होगी शुरुआत
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि शाम 4:30 बजे रायगढ़ में ही बैठक होगी। इसके बाद पायलट सक्ति जाएंगे, जहां शाम 6:30 बजे पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद रात 8:30 बजे कोरबा में भी बैठक रखी गई है। वहां के भी पदाधिकारी के साथ यात्रा के रोड मैप यात्रा की तैयारी को लेकर चर्चा की जाएगी।
पीसीसी चीफ समेत सीनियर नेता भी रहेंगे मौजूद
शुक्ला ने बताया कि दूसरे दिन अंबिकापुर में बैठक होगी। जो प्रस्तावित मार्ग है, वहां का निरीक्षण कर सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। सभी को उनकी जिम्मेदारियां भी दी जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता इन बैठकों में शामिल होंगे।



