रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉक गार्डन बोतल्दा में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवती के साथी पर डंडे से जानलेवा हमला कर उसे बेहोश कर दिया था और इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ट्रेन लेट होने पर गार्डन पहुंचे थे दोनों, सीढ़ियों पर घेरा
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को वह अपने गांव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर सक्ती रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने की सूचना मिलने पर दोनों समय बिताने के लिए दोपहर में खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा चले गए।
गार्डन में सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से दो स्थानीय युवक पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। आरोपियों ने युवती के मोबाइल से 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10,000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने युवक के सिर और शरीर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसे बेहोश कर दिया। युवक के अचेत होते ही दोनों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवक को होश आने पर आरोपियों ने उनका वीडियो बनाया और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
संदेहियों की शिनाख्त और क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन
पीड़िता की शिकायत पर खरसिया थाने में अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 309(6) और 70 के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने बोतल्दा में स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश की। संदेहियों की तस्वीरें पीड़िता को भेजकर पहचान पुख्ता की गई, जिसके बाद दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का रीकंस्ट्रक्शन भी कराया।
आईफोन, डंडा और नकदी बरामद
पूछताछ में आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (21 वर्ष) और फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), दोनों निवासी बोतल्दा थाना खरसिया के रूप में हुई। राहुल पटेल शारडा कंपनी डभरा में और फनेश्वर प्रसाद पटेल चपले स्थित एसकेवाई कंपनी में लेबर का काम करता है।
मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने फनेश्वर के पास से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल आईफोन और लूट की रकम से 1,500 रुपये बरामद किए। वहीं राहुल पटेल के कब्जे से 3,000 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल की जांच में अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी अलग से जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को पुलिस पूरी गंभीरता से लेती है और ऐसे मामलों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









