रायगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने राज्य सरकार पर जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पाण्डेय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मांग की है कि भाजपा नेतृत्व धरमजयगढ़ की धरती से स्पष्ट घोषणा करे कि जनजातीय समुदाय की अनुमति और ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित किए बिना उद्योग या खदान के नाम पर उनकी एक इंच भी जमीन नहीं ली जाएगी।
राकेश पाण्डेय ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद से प्राकृतिक संसाधनों को कॉरपोरेट हितों के लिए सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के रायगढ़ आगमन के मद्देनजर कांग्रेस आदिवासियों के अधिकारों को लेकर सीधी जवाबदेही तय कर रही है।
तमनार और पुरुंगा आंदोलन का दिया हवाला
युवा कांग्रेस नेता ने जिले में हुए हालिया घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ तमनार में पुलिस बल की मौजूदगी में जंगलों की कटाई कराई गई। इसके अलावा पुरुंगा कोल खदान के विरोध में जनजातीय समुदाय के लोग कड़ाके की ठंड में दो दिनों तक कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे रहे, लेकिन सरकार का कोई भी प्रतिनिधि उनसे संवाद करने नहीं पहुंचा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तमनार में जिंदल की जनसुनवाई के खिलाफ स्थानीय लोगों ने कड़ाके की ठंड में कई दिनों तक धरना दिया, लेकिन प्रशासन ने उनकी बात सुनने के बजाय धरने को समाप्त कराने का प्रयास किया।
जिले में 18 नई कोल खदानें प्रस्तावित होने का दावा
प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि हसदेव और तमनार में काटे गए पेड़ इस बात के प्रमाण हैं कि पर्यावरण और स्थानीय आबादी के हितों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों सहित पूरे जिले में 18 नई कोल खदानें प्रस्तावित हैं, जिससे स्थानीय पर्यावरण और जनजीवन पर गंभीर असर पड़ेगा।
युवा कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जनजातीय भाई-बहनों की सहमति के बिना कोई भी अधिग्रहण नहीं होगा और किसी भी प्रकार की प्रशासनिक जबरदस्ती से जनसुनवाई आयोजित नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी ठोस घोषणा नहीं की जाती है, तो गौरव दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा।









