रायगढ़। शहर के धांगरडीपा क्षेत्र में किराये के मकान के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को आग लगाने और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धांगरडीपा निवासी 22 वर्षीय श्रवण उरांव उर्फ भोंदू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आधी रात को लगाई थी वाहनों में आग
कोतवाली पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 धांगरडीपा स्थित छोटा पानी टंकी के पास रहने वाले आशीष अग्रवाल (32 वर्ष) ने 13 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आशीष स्थानीय प्लांट में ठेकेदारी करते हैं और एस. लकड़ा के मकान में किराये पर रहते हैं। उन्होंने 12 नवंबर की रात अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 BF 9347) को घर के बाहर अन्य वाहनों के साथ खड़ा किया था।
13 नवंबर की तड़के करीब 3:30 बजे पड़ोसी मनोज देवांगन ने आशीष को सूचना दी कि घर के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई है। आग की चपेट में आने से पास ही खड़ी पड़ोसी कामता प्रसाद बरेठ की प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 F 1437) भी जलने लगी। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे। इस दौरान आरोपी ने मकान के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद जब मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई, तो उसमें मोहल्ले का ही निवासी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू मोटरसाइकिलों में आग लगाते और कैमरे तोड़ते हुए दिखाई दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(2) और 326(f) के तहत अपराध क्रमांक 669/2026 दर्ज किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, पहले भी कर चुका था ऐसी हरकत
प्रशिक्षु डीएसपी एवं कोतवाली थाना प्रभारी अजय नागवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी श्रवण उरांव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों मोटरसाइकिलों में आग लगाने और कैमरों में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार कर ली।
प्रार्थी और स्थानीय गवाहों ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने बीते रक्षाबंधन के समय भी घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगाई थी, जिसकी रिपोर्ट पहले भी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। वर्तमान मामले में रात के समय घर के परिसर में घुसकर वारदात को अंजाम देने के चलते पुलिस ने जांच के दौरान बीएनएस की धारा 331(2) भी जोड़ी है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिग्विजय दास वैष्णव और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।









