रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में मामूली बात पर हुए विवाद के दौरान पिता और पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोनुमुड़ा सोनकरपारा निवासी मनोज पानीकर (49 वर्ष) ने 31 अक्टूबर को थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे जब वह अपनी फल दुकान बंद कर घर पहुंचे, तब उनके घर के सामने धनी भट्ट और किट्टु सिदार अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी का तेल खत्म होने की बात पर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे।

गाली-गलौज का विरोध करने पर तलवार और डंडे से किया था हमला
जब मनोज पानीकर ने उन्हें घर के सामने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपियों ने एकजुट होकर उन पर और उनके बेटे प्रिंस पर हाथ-मुक्के, डंडे और धारदार तलवार से हमला कर दिया। इस मारपीट में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर जूटमिल पुलिस ने शुरुआत में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान प्रार्थी व गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा 109(1) और 118(1) बीएनएस जोड़ी गई।
मुख्य आरोपी के घर से तलवार जब्त, आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस टीम ने सोनुमुड़ा देवारपारा वार्ड क्रमांक 38 में दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु (28 वर्ष), पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु (18 वर्ष 1 माह) और छबी भट्ट उर्फ डब्बु (42 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से वारदात में प्रयुक्त तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए। जब्त धारदार तलवार की लंबाई और चौड़ाई के आधार पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले का चौथा आरोपी धनी भट्ट अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह व पुलिस टीम द्वारा की गई।









