छोड़कर सामग्री पर जाएँ

41 वें चक्रधर समारोह: कविता कृष्णमूर्ति की सुरों की महफिल से अनुज शर्मा की लोकधुनों तक, 10 दिनों तक गूंजेगा चक्रधर समारोह

  • 41 वें चक्रधर समारोह में सजेगी कला की महफिल, स्थानीय से लेकर देश-प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकार बिखरेंगे सुर और संस्कृति के रंग
  • कविता कृष्णमूर्ति की सुरों की महफिल से अनुज शर्मा की लोकधुनों तक, 10 दिनों तक गूंजेगा चक्रधर समारोह

रायगढ़, 8 सितम्बर 2026/ महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का भव्य आयोजन 14 से 23 सितम्बर तक रामलीला मैदान, रायगढ़ में होगा। स्थानीय प्रतिभाओं से लेकर देश-प्रदेश के सुप्रसिद्ध और नामचीन कलाकारों से सजे इस सांस्कृतिक महाकुंभ में दस दिनों तक सुर, ताल और नृत्य की अनूठी महफिल सजेगी। शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं, छत्तीसगढ़ी लोककला, पंडवानी, लोकसंगीत, कबीर भजन, गजल और वाद्य प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय कला एवं संस्कृति के अनेक रंग दर्शकों के सामने जीवंत होंगे।

संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल एवं जनसहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों के साथ इंडियन आइडल फेम कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से शुरू होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में हर दिन कला की एक नई विधा और नया रंग देखने को मिलेगा, जबकि 23 सितम्बर को पद्मश्री सम्मानित सुप्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति की सुरमयी प्रस्तुति के साथ समारोह का भव्य समापन होगा। समारोह का शुभारंभ 14 सितम्बर को वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति से होगा। इसके बाद पद्मश्री सम्मानित अनुज शर्मा लोक कला एवं संगीत तथा पद्मश्री सम्मानित डॉ. उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी।

सांस्कृतिक संध्या समारोह में अगले दिन 15 सितम्बर को निशित गंगानी-तबला वादन, टी. लक्ष्मी रेड्डी कुचिपुड़ी, स्टार्क सोसाइटी बाड़मेर द्वारा राजस्थानी फोक, तरुणा साहू एवं समूह द्वारा पंडवानी तथा माधवरस बैंड द्वारा भजन गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। 16 सितम्बर को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के साथ शास्त्रीय नृत्य की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी। जिसमें मौमाला नायक द्वारा कथक, भूपेन्द्र साहू एवं समूह द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, डॉ. यास्मीन सिंह एवं समूह तथा विभूति शर्मा द्वारा कथक और पायल साहू एवं समूह द्वारा लोक कला की प्रस्तुति होगी। 17 सितम्बर को बादल-बस्तर अकादमी ऑफ डांस, आर्ट्स एवं लिटरेचर द्वारा लोक कला एवं संगीत, मधुमिता रॉय मिश्रा द्वारा कथक, जान्हवी बेहरा द्वारा ओडिसी, शिवरंजनी हरीश एवं कलार्पणा, नृत्य समूह पद्म भूषण शोभना के शिष्यगण द्वारा भरतनाट्यम तथा शिव शक्ति कला संस्थान द्वारा कथक की प्रस्तुति दी जाएगी। 18 सितम्बर को डॉ. मंजू इलंगबम द्वारा मणिपुरी, पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु द्वारा कबीर भजन, श्वेता नायक एवं समूह द्वारा कुचिपुड़ी तथा अनुराग शर्मा द्वारा लोक संगीत की प्रस्तुति होगी।

19 सितम्बर को काव्य और नृत्य की यह शाम कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। जिसमें गौरी शंकर दाश द्वारा ओडिसी, पद्मश्री सम्मानित सुरेन्द्र शर्मा एवं अन्य कलाकारों द्वारा काव्य संध्या तथा रीला होता द्वारा ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 20 सितम्बर को बी. साहू एवं समूह द्वारा गोटीपुआ, अमित साना-इंडियन आइडल फेम द्वारा गायन तथा पद्मश्री सम्मानित रामलाल बरेठ के निर्देशन में भूपेन्द्र बरेठ एवं समूह द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दिन लोकनृत्य, गायन और शास्त्रीय नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 21 सितम्बर को रूद्रशंकर सिन्हा द्वारा बनारस घराने का कथक, सोनू गुप्ता एवं समूह द्वारा लोकगीत, वांसती वैष्णव एवं समूह द्वारा कथक, त्रिवेणी संगम द्वारा संतूर-पखावज-तबला वादन, संस्कार कला संघ द्वारा नृत्य नाटिका तथा नृत्यांजलि द्वारा बनारस घराने के कथक की प्रस्तुति दी जाएगी। 22 सितम्बर को गुरु कोट्टक्कल नंदकुमारन नायर द्वारा कथकली, दीक्षा रथ द्वारा ओडिसी नृत्य, प्रो. डॉ. लवली शर्मा द्वारा सितार वादन, पुनरिक साहू-लहरंगगा द्वारा लोक संगीत तथा रायगढ़ के राकेश शर्मा द्वारा सूफी गायन एवं गजल की प्रस्तुति होगी। समारोह की यह शाम शास्त्रीय नृत्य, वाद्य संगीत और सूफियाना अंदाज से सजेगी। समारोह के अंतिम दिन 23 सितम्बर को पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति एवं जान कुमार सानू अपनी सुरमयी संगीत की प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति के साथ दस दिवसीय 41 वें चक्रधर समारोह-2026 का भव्य समापन होगा।

ख़बर शेयर करें:

Related News

असंगठित श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने 6 सितंबर को सिंदूर पार्क में लगेगा विशेष शिविर

साप्ताहिक बाजार के छोटे दुकानदारों और असंगठित कामगारों के पंजीयन के लिए प्रशासन का विशेष अभियान
सितम्बर 5, 2026

बंजर जमीन पर ग्राफ्टेड सब्जियों की खेती: किसान ने 0.400 हेक्टेयर में कमाया 2.80 लाख का शुद्ध मुनाफा

ड्रिप और मल्चिंग तकनीक से जंगल किनारे अनुपयोगी जमीन को बनाया उपजाऊ, 187 क्विंटल सब्जियों का रिकॉर्ड उत्पादन
सितम्बर 5, 2026

रायगढ़ में कॉलोनाइजरों पर शिकंजा: 11 वर्षों में स्वीकृत कॉलोनियों में EWS जमीन की जांच शुरू, 15 दिनों में मांगी रिपोर्ट

गरीबों की जमीन पर खेल करने वाले बिल्डरों की अब खैर नहीं, प्रशासन ने दिए कड़े जांच के आदेश
सितम्बर 5, 2026

कोड़ातराई में 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पीएम श्री स्कूल: शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर जोर

कोड़ातराई में 1.21 करोड़ के स्कूल भवन का भूमिपूजन हुआ, सकरबोगा में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
सितम्बर 5, 2026

उड़ीसा से यूपी जा रहा अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त! 8 गिरफ्तार और 61 लाख का माल जब्त

लैलूंगा और सरिया पुलिस की संयुक्त घेराबंदी में तीन कारों समेत उत्तर प्रदेश का शातिर गांजा सिंडिकेट बेनकाब
सितम्बर 5, 2026

मातृ-शिशु योजनाओं की जमीनी हकीकत: रायगढ़ में शत-प्रतिशत हितग्राहियों को जोड़ने के लिए लगेंगे विशेष शिविर

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए सख्त निर्देश, शिविरों में बनेंगे जरूरी दस्तावेज
सितम्बर 4, 2026

रायगढ़ में 14 सितंबर से चक्रधर समारोह: कविता कृष्णमूर्ति, अनुज शर्मा और उषा बारले बिखेरेंगे कला के रंग

10 दिनों तक रामलीला मैदान में शास्त्रीय संगीत, लोककला और नृत्य का सजेगा राष्ट्रीय मंच
सितम्बर 4, 2026