छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शादी के शोर के बीच घर में घुसा हैवान!  टीन एजर से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़, 17 अप्रैल – एक ओर जहां गांव में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं दूसरी ओर उसी गांव में एक नाबालिग लड़की की इज्जत पर हमला हो रहा था। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति ने शादी समारोह की हलचल का फायदा उठाते हुए घर में अकेली किशोरी के साथ घिनौनी हरकत कर डाली।

50 वर्षीय कृपासिंधु सिदार, जो गांव का ही निवासी है, बुधवार की रात को मौका पाकर घर में घुसा और किशोरी से छेड़खानी शुरू कर दी। जब लड़की ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराने की कोशिश भी की। जैसे-तैसे लड़की ने खुद को बचाया और घटना की शिकायत करने थाने पहुंच गई।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

पुलिस ने दिखाई फुर्ती, गांव में मच गया हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने त्वरित एक्शन लिया और महिला उपनिरीक्षक कुसुम कैवर्त के साथ टीम को सक्रिय कर दिया। रातों-रात गांव में दबिश दी गई और आरोपी कृपासिंधु सिदार को गिरफ्तार कर लिया गया।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 331(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध क्रमांक 181/2025 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम में शामिल रहे ये जांबाज़
इस कार्रवाई में आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, संदीप कौशिक, शिवा प्रधान और संजय केरकेट्टा की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। महिला अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए अब यहां कोई जगह नहीं।

सवाल कायम है – क्या बेटियां अपने घर में भी महफूज़ हैं?
इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है। जब घर की दीवारें भी सुरक्षा नहीं दे पा रहीं, तो अब कानून के साथ-साथ समाज को भी सतर्क होने की जरूरत है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा मुहैया कराई है। आगे की जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें: