रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान पत्नी की बांस के डंडे से पिटाई करने और गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतका की पहचान ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी 22 वर्षीय सोमारी पहाड़ी कोरवा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति 26 वर्षीय सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा है। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मृतका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा, निवासी ग्राम सारुजोबा (थाना सीतापुर, जिला सरगुजा) ने 17 नवंबर 2026 को कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सोमारी बाई का विवाह करीब चार वर्ष पहले ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी सत्यनारायण के साथ हुआ था। 15 नवंबर 2026 को दोनों घरेलू व व्यक्तिगत सामान की खरीदारी करने कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय कोनपारा बस्ती के पास दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया और सत्यनारायण ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।
विवाद के बाद डंडे से हमला और गला दबाने का आरोप
दर्ज शिकायत के आधार पर कापू पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 186/2026 पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर संदेही सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर की सुबह वह पत्नी के साथ सामान खरीदने गया था और लौटते समय दोनों ने शराब पी थी। रात होने पर नशे की हालत में उसकी पत्नी रास्ते में कई जगह गिरी और कपड़े गीले होने पर कपड़े उतारकर खेत के पास बैठ गई। जब उसने घर चलने को कहा और पत्नी नहीं मानी, तो उसने गुस्से में आकर हाथ-मुक्के और बांस के डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त कर लिया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी और अन्य पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।









