रायगढ़/धरमजयगढ़: 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का ऐसा भव्य आयोजन हुआ, जिसने रायगढ़ की सियासत में नई सरगर्मियां पैदा कर दी हैं। मंच पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री ओपी चौधरी समेत कई दूसरे मंत्री, सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष सहित कई दिग्गजों का भारी जमावड़ा था। आयोजन में कोई कसर नहीं थी, लेकिन इस सियासी ‘मेगा शो’ में एक बात जो रायगढ़ की जनता को सबसे ज्यादा खटकी, वो थी अपने ही संसदीय क्षेत्र में सांसद राधेश्याम राठिया का ‘पिछड़’ जाना!

धरमजयगढ़ ही क्यों? हार की हैट्रिक और ‘सांसद से विधायक’ वाला दांव
राजनीति में कोई भी तीर हवा में नहीं चलाया जाता। इस भव्य आयोजन के लिए धरमजयगढ़ को चुनना महज़ इत्तेफाक नहीं है। यह वो सीट है जहां भाजपा लगातार तीन बार से चुनाव हार रही है और कांग्रेस के लालजीत राठिया अपनी जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। चर्चा जोरों पर है कि भाजपा अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए फिर से अपना पुराना और ‘हंड्रेड परसेंट सक्सेसफुल’ दांव खेल सकती है! यानी सांसद राधेश्याम राठिया को यहां से विधायक के चुनाव मैदान में उतारना!
आखिर भाजपा के लिए ‘सांसद से विधायक’ का फॉर्मूला हमेशा हिट रहा है, चाहे बात वर्तमान मुख्यमंत्री (और पूर्व रायगढ़ सांसद) विष्णु देव साय की हो या गोमती साय की। लेकिन अगर राधेश्याम राठिया को यहां से प्रोजेक्ट करना है, तो फिर उन्हें इसी मंच पर ‘साइलेंट’ क्यों कर दिया गया?
मंच पर ‘माइक’ से दूरी और भीड़ में खोए सांसद महोदय!

जनजातीय गौरव दिवस जैसे बड़े मौके पर, जब मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश अध्यक्ष और दूसरे क्षेत्रों के सांसदों को मंच से गरजने का मौका मिला, तब अपने ही घर (संसदीय क्षेत्र) में सांसद राधेश्याम राठिया को माइक तक नहीं थमाया गया! उन्हें सिर्फ तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट करने की रस्म अदायगी का मौका मिला। और मजे की बात तो यह है कि उस दौरान भी वो मंच की भीड़ में इतने खो गए थे कि तीन-चार बार आवाज लगाने के बाद ही वो मुख्यमंत्री तक पहुंच पाए।
अगर राधेश्याम राठिया उस मंच से बोलते, तो यकीनन धरमजयगढ़ विधानसभा में भाजपा को इसका राजनीतिक फायदा मिलता। तो फिर ऐसा क्या हुआ कि उन्हें बोलने का मौका ही नहीं दिया गया? या फिर यह भाजपा की कोई ऐसी नई और ‘गुपचुप’ रणनीति है, जो जनता की समझ से परे है?
डमी कार्ड
मंच पर सांसद से ज्यादा तो भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान का दिखाई दिये। कहने को तो राधेश्याम एक आदिवासी सांसद है, मगर पार्लियामेंट मेंबर वाला वो रुतबा नहीं हैं। अपनी संगठन में लोग दबी जुबान में सांसद महोदय को ‘डमी कार्ड’ कहते नज़र आते हैं।

वैसे भी अगर रायगढ़ का संसदीय इतिहास खंगाला जाए, तो हमेशा जशपुर क्षेत्र से आने वाले नेताओं ने ही बाजी मारी है। आज की तारीख में यह भाजपा का ऐसा अभेद्य किला बन चुका है, जहां से पार्टी किसी को भी टिकट दे दे, जीत पक्की है। यहाँ प्रत्याशी के किसी बड़े ‘नाम या फेम’ की जरूरत ही नहीं होती। इसलिए धरमजयगढ़ सीट के लिए राधेश्याम राठिया की सांसदी की कुर्बानी से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
न माइक मिला, न रायगढ़ में स्थाई ठिकाना!
कुल मिलाकर, एक आदिवासी सांसद का अपने ही क्षेत्र के इतने बड़े आदिवासी सम्मेलन में पिछड़ जाना कई सवाल खड़े करता है। राधेश्याम राठिया कहने को तो रायगढ़ के सांसद हैं, लेकिन रायगढ़ जिला मुख्यालय में उनका कोई स्थाई सरकारी ठिकाना या कार्यालय आज तक जनता के संज्ञान में नहीं है। कहने वाले तो यहाँ तक कहते हैं कि उन्होंने प्रयास बहुत किया, लेकिन उन्हें जिला मुख्यालय में कोई मुकम्मल जगह मिल ही नहीं पाई।
अब देखना यह है कि धरमजयगढ़ के मंच पर राधेश्याम राठिया की यह ‘खामोशी’ के मायने क्या हैं ? या फिर वाकई वो अपने ही गढ़ में सियासी तौर पर हाशिए पर धकेले जा रहे हैं!
~आशीष शर्मा, संपादक RIG24









