रायगढ़। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के चलते आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार सहित अन्य सामान जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। उसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से आकर्ष के सिर पर वार कर दिया था।
घर में घुसकर जूते से पीटा और कार में ले जाकर की मारपीट
घटना के अगले दिन यानी 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तब अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी युवक को जबरन अपनी कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। घटना के दौरान हनी अग्रवाल ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। बाद में आरोपी पीड़ित को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
कार व सामान जप्त, आरोपी को भेजा गया जेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 660/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 12 नवंबर को एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फरार चल रहे मुख्य आरोपी अरुण शर्मा, निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी ने पुलिस के दबाव में अदालत में आत्मसमर्पण किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की ऑल्टो कार (क्रमांक CG 13 AS 1381), एक मोबाइल फोन, स्टील का कड़ा और जूता जप्त किया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









