मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। बीते बुधवार की रात मायके में हुये विवाद के बाद पत्नी ने पति की पत्थर मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सोनवर्षा के राधा रमन नगर में प्रदीप पंडो (23) अपनी पत्नी बाल कुंवर (22) के साथ रहता था। बुधवार रात दोनों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बाल कुंवर ने पत्थर से प्रदीप पंडो पर वार कर दिया। सिर पर आई गंभीर चोट के कारण प्रदीप पंडो मौके पर गिर गया। उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई।
एक दूसरे के चरित्र पर संदेह
पुलिस जांच में पता चला है कि प्रदीप पंडों और बाल कुंवर की शादी एक साल पहले हुई थी। प्रदीप पंडो ग्राम गदबदी का रहने वाला था। शादी के बाद एक सप्ताह तक बाल कुंवर ससुराल में रही, फिर वापस आकर अपने मायके में रहने लगी। बीच-बीच में पति प्रदीप ससुराल आकर रहता था। दोनों एक-दूसरे के चरित्र पर संदेह करते थे।
संबंध बनाने से मना करने पर विवाद
बाल कुंवर की मां के मुताबिक पति-पत्नी के बीच संबंध बनाने को लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था। बुधवार देर रात विवाद से आक्रोशित बाल कुंवर ने बड़े पत्थर से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। उसको जब इस हादसे का एहसास हुआ, आत्मग्लानि में उसने भी घर से दूर खुद को फांसी लगा ली।



