छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ढाबा बुलाकर युवक को पीटा: धारदार हथियार लहराया; निगरानी बदमाश और साथी भेजे गए जेल

रायगढ़, 31 अगस्त 2025। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश मनोज झरिया और उसके साथी सुनील सिदार ने ढाबा बुलाकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट और धारदार हथियार की धमकी तक जा पहुंचा। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धाराओं सहित कड़ी कार्रवाई की है। अब दोनों आरोपी जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

फोन कर बुलाया और मारपीट शुरू

डूमरपाली निवासी 33 वर्षीय लालजीत सोनार ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे मनोज झरिया ने फोन कर उसे अपने ढाबा बुलाया। वहां पहुंचने पर उसने जबरन काम करने का दबाव बनाया। लालजीत के मना करते ही मनोज और उसके ढाबा कर्मचारी सुनील भड़क गए। दोनों ने मिलकर उसे गालियां दीं और डंडे व लात-घूंसों से मारपीट कर दी। यही नहीं, मनोज ने लोहे का तलवारनुमा हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह लालजीत वहां से भाग निकला और अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

हिरासत में दोनों आरोपी

पुलिस की दबिश और हथियार बरामद

शिकायत के बाद घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 224/2025 दर्ज किया और धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस बनाया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित का मेडिकल कराया और अपनी टीम के साथ मनोज झरिया के ढाबा पर दबिश दी। मौके से मनोज और सुनील दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

दोनो आरोपी

पुलिस ने मनोज झरिया से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का तलवारनुमा हथियार तथा सुनील से एक डंडा बरामद किया।

आरोपी और पुलिस टीम

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय मनोज कुमार झरिया पिता महेश्वर झरिया निवासी डूमरपाली कुडुमकेला और 29 वर्षीय सुनील सिदार पिता चैन कुमार सिदार निवासी कोटमी, थाना डभरा (जिला सक्ती) के रूप में हुई है। दोनों को रविवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ख़बर शेयर करें: