रायगढ़। जिंदल स्टील परिसर में सृजन, शिल्प और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संयंत्र के सेंट्रल वर्कशॉप के सामने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। जिंदल स्टील रायगढ़ के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने पूजा-अर्चना कर संयंत्र, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और निरंतर प्रगति की कामना की।

वार्षिक परंपरा का पालन करते हुए विश्वकर्मा जयंती पर जिंदल स्टील का मुख्य गेट आम जनता के लिए खोला गया था। सुबह से ही पतरापाली, किरोड़ीमल नगर, गोरखा, भगवानपुर, खैरपुर, कोसमपाली, उच्चभिट्ठी, गोदामडीपा, धनागर और कलमी सहित आसपास के अनेक गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण और शहरवासी संयंत्र पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संयंत्र के विभिन्न विभागों, मशीनों, उपकरणों और कंपनी के वाहनों की भी विधिवत पूजा की गई।

संयंत्र के उत्पादों और छायाचित्रों की विशेष प्रदर्शनी
आयोजन के दौरान सेंट्रल गैरेज के सामने जिंदल समूह से जुड़े छायाचित्रों और कंपनी में निर्मित उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने किया। इस प्रदर्शनी में छायाकार कमल शर्मा द्वारा खींचे गए जिंदल समूह के चित्रों और औद्योगिक उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मानव संसाधन एवं कर्मचारी सेवाएं विभाग द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण तथा अन्य व्यवस्थाएं की गईं। वहीं, जनसंपर्क विभाग की ओर से ग्रामीणों को भगवान विश्वकर्मा और संयंत्र समूह के चित्रों से सजे विशेष कैलेंडर वितरित किए गए, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा।
स्व-सहायता समूहों के स्टॉल और सुरक्षा जागरूकता
जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से ग्रामीण महिला स्व-सहायता समूहों और कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों के विक्रय हेतु विशेष स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों पर झारा शिल्प, बांस शिल्प, दीये, मोमबत्तियां, सजावटी सामग्री के साथ-साथ अचार, पापड़, बड़ी, बिजौरी और मिलेट्स के लड्डू बिक्री के लिए रखे गए थे। इसके अलावा, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने एक जागरूकता स्टॉल लगाकर आम लोगों और कर्मियों को कार्यस्थल तथा दैनिक जीवन में सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।
पूंजीपथरा एसएसडी प्लांट में भी हुआ पूजन
जिंदल स्टील के एसएसडी पूंजीपथरा में भी विश्वकर्मा जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। प्लांट परिसर में देवशिल्पी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गई। इस दौरान एसएसडी प्लांट प्रमुख सुभाष जैन सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और लेडीज क्लब की सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर संयंत्र की सुरक्षा, सुख-समृद्धि और प्रगति की प्रार्थना की।









