कोरबा। दशहरा और नवरात्रि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान पर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ, जिसके बाद जवान को सिविल लाइन ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
फेस-1 के पास गाड़ी की चाबी निकालने और विवाद का आरोप
जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के सदस्य इलाके में दुर्गा पंडालों के भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान फेस-1 के पास ड्यूटी पर मौजूद सीएएफ जवान पवन कुमार ने उनकी गाड़ी रुकवाई। आरोप है कि जवान ने वाहन की चाबी निकाल ली और सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
जब टीम के सदस्य जवान के करीब पहुंचे, तो उसके शराब के नशे में होने का पता चला। ड्यूटी के दौरान जवान की इस स्थिति को देखकर लोगों ने विरोध दर्ज कराया, जिससे मौके पर विवाद बढ़ गया और हंगामा शुरू हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
सिविल लाइन ले जाकर कराया गया मेडिकल परीक्षण
हंगामे की सूचना के बाद जवान को सिविल लाइन ले जाया गया, जहां उसका मुलाहिजा और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटना की औपचारिक जानकारी संबंधित सीएएफ विभाग को भेज दी है।
मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जवान का मुलाहिजा कराया गया है। इसके साथ ही सीएएफ विभाग को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।









