रायगढ़: जिले की कोतवाली पुलिस ने चेक बाउंस के 15 अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे स्थायी वारंटी सरोज कुमार बेहरा को पड़ोसी राज्य ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायगढ़ लाकर अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरोज कुमार बेहरा, निवासी सागरपाली, झारसुगुड़ा (ओडिशा), के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रायगढ़ के न्यायालय में चेक बाउंस से संबंधित 15 शिकायतें दर्ज थीं। अदालत ने सरोज बेहरा की पेशी के लिए कई बार समन और फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किए, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर दिए गए थे।

कैसे देता था झांसा?
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि सरोज बेहरा अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से गाड़ियां फाइनेंस करवाता था। वाहन की किस्तों के भुगतान के लिए वह चेक जारी करता था। पुलिस के मुताबिक, उसे यह अच्छी तरह पता होता था कि उसके बैंक खाते में पर्याप्त रकम नहीं है, फिर भी वह लगातार चेक जारी करता रहा। जब ये चेक बाउंस हुए तो संबंधित पक्षों ने अदालत में शिकायतें दर्ज कराईं। अदालत से जारी समन और वारंट के बावजूद आरोपी के उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी हुए थे।
झारसुगुड़ा से हुई गिरफ्तारी
‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम बनाई थी। इसी दौरान पुलिस को सरोज बेहरा के झारसुगुड़ा क्षेत्र में होने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम बिना देर किए झारसुगुड़ा रवाना हुई। पुलिस ने झारसुगुड़ा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर सरोज बेहरा को गिरफ्तार कर लिया और उसे रायगढ़ लाया गया।
चोरी के एक अन्य वारंटी को भी पकड़ा
इसी अभियान के तहत, कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में फरार स्थायी वारंटी हेमंत दास महंत को भी धरमजयगढ़ से गिरफ्तार किया है। हेमंत दास महंत, निवासी जेलपारा धरमजयगढ़, के खिलाफ दो स्थायी वारंट लंबित थे और पुलिस उसकी भी लंबे समय से तलाश कर रही थी। उसे धरमजयगढ़ से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया।

दोनों स्थायी वारंटियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक कमलेश यादव और आरक्षक प्रताप बेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








