रायगढ़। शहर में एसपी कार्यालय, गांधीगंज के सामने रात में एक बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट की घटना ने बड़ा रूप ले लिया। विवाद बढ़ने से मौके पर अफरातफरी मच गई और करीब आधे घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही।
घटना रात करीब 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांधीगंज वार्ड की पूर्व कांग्रेस पार्षद के पति अनिल डालमिया (65) स्टेशन रोड पर रूपाली ड्रेसेस दुकान के बाहर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दुकान के अंदर से निकले एक युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विवाद ने लिया सामाजिक तनाव का रूप
गांधीगंज इलाका घटनास्थल के पास होने के कारण खबर तेजी से फैली और अनिल डालमिया के परिचित व स्थानीय लोग मौके पर एकत्र होने लगे। देखते ही देखते इस विवाद ने सामाजिक रूप अख्तियार कर लिया। गांधीगंज मोहल्ले के भीतर अधिकांश दुकानें अग्रवाल समाज के लोगों की हैं, जबकि बाहर स्टेशन रोड पर सिंधी समाज के कारोबारी दुकान संचालन करते हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सड़क पर लगा जाम
विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, हालांकि शुरुआत में स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हल्की पुलिसिंग
एसपी कार्यालय के सामने हुई इसकी बड़ी घटना को शायद रायगढ़ पुलिस टीम ने हल्के में लिया गया और सिर्फ चार पुलिस वाले वहां पहुंचे। चार पुलिस वालों के बस के बाहर थी 200 लोगों को संभालना।
मौजूद प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार इस पूरी घटना में सबसे अजीबोगरीब चीज यह रही कि मौका ए वारदात पर जुटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह अपनी गाड़ी पर बैठे हुए उसी जाम में फंसे थे। लोगों ने उनसे आग्रह भी किया, लेकिन वह अपनी गाड़ी से नहीं उतरे। मौके में किसी ने उन्हें थाना प्रभारी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद उन्हें मजबूरन मौका पर जाकर संभालना पड़ा।
पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और खींचतान चलती रही। काफी प्रयासों के बाद स्थिति को संभाला गया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्ष फिलहाल कोतवाली थाने पहुंचे हैं और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं।









