रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने 77 वर्षीय पड़ोसी के गले पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद चक्रधरनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घायल बुजुर्ग का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए वृद्ध पर हुआ हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम बड़े रेगड़ा निवासी 77 वर्षीय मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए हुए थे। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले नत्थूलाल अगरिया ने जान से मारने की नीयत से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मनधर यादव के गले पर गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना डायल 112 को मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अस्पताल से मेमो मिलने के बाद चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी को अस्पताल भेजा। वहां घायल बुजुर्ग के 37 वर्षीय पुत्र रामकुमार यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।
जमीन विवाद के चलते किया गया था वार, चाकू बरामद
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 57 वर्षीय नत्थूलाल अगरिया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का मकान एक-दूसरे से सटा हुआ है और जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से बुजुर्ग के गले पर वार किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी और हमराह पुलिस स्टाफ शामिल रहे।









