रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में इवनिंग वॉक पर निकले एक डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर यूपीआई (UPI) के जरिए करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्राम जकेला निवासी प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठ गए। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की तरफ ले गए। आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से अज्ञात स्थान पर ले गए।
चाकू दिखाकर हासिल किए पासवर्ड, महिला के खाते में मंगवाए रुपये
आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट करते हुए उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से फोन पर संपर्क कर उसका क्यूआर कोड मंगवाया और पीड़ित के खाते से लिमिट समाप्त होने तक लगातार करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन करवाया और परिजनों से सब ठीक होने की बात कहलवाई। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक कमरे में ले जाकर बंधक बना दिया।
परिजनों को हुआ संदेह, दबिश देकर पुलिस ने किया रेस्क्यू
प्रोफेसर के फोन पर बातचीत के तौर-तरीके से परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने अपने स्तर पर लोकेशन का सुराग लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और पीड़ित को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने रातभर दबिश देकर 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और यूपीआई से रकम ट्रांसफर कराने की साजिश रचना स्वीकार किया।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश
पुसौर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जिस महिला के खाते में राशि ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सुरक्षित निकाल लिया है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









