छोड़कर सामग्री पर जाएँ

देखें वीडियो: पेड़ पर फंदा दाल डालकर किया घंटो हाई वोल्टेज ड्रामा! फिर पहुँचा डायल 112 का आरक्षक असली हीरो बनकर!

रायगढ़ 13 मई। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सारसमाल में आज एक अत्यंत साहसिक और मानवीय संवेदनशीलता से भरी घटना सामने आई, जब डायल 112 में तैनात आरक्षक डेहरू राम उरांव ने अपनी जान की परवाह किए बिना आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को बचाकर असली हीरो की तरह कार्य किया।

घटना आज शाम लगभग 7:30 बजे की है, जब डायल 112 की पुसौर टीम को रायपुर स्थित कमांड कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सारसमाल में एक युवक आत्महत्या करने के इरादे से पेड़ पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल 112 के आरक्षक डेहरू राम उरांव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर को दी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए थाना प्रभारी ने सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी और आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा के साथ एक टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस दल ने देखा कि युवक रामकुमार सिदार, जो गांव का ही निवासी है, एक ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीण उसे नीचे उतरने की लगातार अपील कर रहे थे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। ऐसे नाजुक समय में आरक्षक डेहरू राम उरांव ने बिना एक पल गंवाए पेड़ पर चढ़कर युवक को आत्मघाती कदम उठाने से रोका और सूझबूझ के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतार लाया।

मानवीय संवेदना और साहस का संगम
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पारिवारिक तनावों से मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाने की कोशिश की। पुलिस ने उसे ढांढस बंधाते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही युवक और उसके परिवार को आवश्यक परामर्श व सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया गया।

ग्रामीणों ने आरक्षक डेहरू राम उरांव की इस निडरता और संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वहीं, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस सराहनीय कार्य को लेकर उन्हें सम्मानित करने की बात कही है।

डायल 112 सेवा की भूमिका फिर साबित
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डायल 112 सिर्फ एक आपात सेवा नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जनता की सबसे बड़ी उम्मीद बन चुकी है। आरक्षक डेहरू राम उरांव जैसे कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी इस सेवा की रीढ़ हैं, जिनकी तत्परता ने एक युवक की जान बचा ली और एक परिवार को टूटने से रोक दिया।

ख़बर शेयर करें: