रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले को 126.92 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास के लिए चार अन्य बड़े निर्माण कार्यों की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी दिल्ली से वर्चुअली शामिल हुए। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्यगीत और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपी गईं।
शहर के लिए चार नए कार्यों की घोषणा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रायगढ़ जिले को विकसित बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चार अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपये, रामलीला मैदान के विकास, मंच व पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये, तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपये तथा केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपये शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम की ओर से लगभग 10 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों की सूची भी सौंपी गई है, जिसे जल्द स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूरा करने के निर्देश दिए।
126.92 करोड़ रुपये के इन प्रोजेक्ट्स पर लगी मुहर
आयोजन के दौरान नगर निगम क्षेत्र में 15वें वित्त आयोग मद से 28 सड़क, नाली और उद्यान विकास कार्यों के लिए 10.55 करोड़ रुपये, केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव कैनाल लिंक रोड के लिए 25.63 करोड़ रुपये और वार्ड क्रमांक 42 में नए अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) निर्माण के लिए 20.75 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही टाउन हॉल में 2.20 करोड़ रुपये की लागत से बनी 20 लाख लीटर क्षमता की पानी टंकी का लोकार्पण हुआ।
वहीं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 67.80 करोड़ रुपये की लागत वाले चार कार्यों की आधारशिला रखी गई। इसमें ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 4.125 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण व फोरलेन निर्माण, दनौट-कया-कमतरा मार्ग का उन्नयन व 60 मीटर लंबा पुल, मुकडेगा से करवारजोर तक 6.50 किलोमीटर सड़क और घरघोड़ा विश्रामगृह में अतिरिक्त कक्ष निर्माण शामिल हैं।
सड़क अधोसंरचना और कनेक्टिविटी पर जोर
वर्चुअल माध्यम से जुड़े वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को 384.66 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में 1426 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि शहर के रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन, पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन, तमनार बाईपास और कोड़तराई-पुसौर फोरलेन जैसी सड़क परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है।
समारोह में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, कलेक्टर मयक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम परिसर में ‘लोकल फॉर वोकल’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहां स्थानीय शिल्प, जैविक उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों के स्टॉलों का उपमुख्यमंत्री ने मुआयना किया।









