रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ शहर में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में बन रहे स्विमिंग पूल व एथलेटिक ट्रैक, प्रगति नगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा तालाब, किसान राइस मिल परिसर स्थित ऑक्सीजोन और मिट्ठूमुड़ा तालाब के कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सड़क कनेक्टिविटी और बोइरदादर खेल परिसर का जायजा
कैनाल लिंक रोड निर्माण का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह मार्ग केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके बनने से शहर में आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था सुधरेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सीमांकन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिले।
बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा। उन्होंने ट्रैक पर जमा मलबे को तुरंत हटाने, परिसर को व्यवस्थित रखने और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का निर्माण खिलाड़ियों की आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
तालाबों का सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन परियोजना
फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। फटहामुड़ा तालाब के किनारे पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। वित्त मंत्री ने कार्यों में सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। वहीं, मिट्ठूमुड़ा तालाब के मुख्य प्रवेश द्वार को मुख्य सड़क से जोड़ने, पार्किंग, पार्क, पाथवे और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं तैयार करने पर चर्चा हुई। स्थानीय नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही।
इसके अलावा प्रगति नगर मरीन ड्राइव और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का भी निरीक्षण किया गया। ऑक्सीजोन में ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
प्रशासनिक समन्वय से शहर के विकास का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण एक सामान्य प्रक्रिया है, जिससे जमीनी स्थिति, कार्यों की गति और नागरिकों की अपेक्षाओं की सही जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में राज्य को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है और आने वाले समय में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी शहर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को आपसी समन्वय और बेहतर योजना के साथ तय समय पर पूरा करने का आह्वान किया।









