रायगढ़ के पीएम श्री नटवर हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित ‘जी.एच. रायसोनी मेमोरियल रायगढ़ जिला वन-डे रैपिड शतरंज टूर्नामेंट 2026’ का विधिवत समापन हुआ। जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने शतरंज को एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन का खेल बताया। उन्होंने कहा कि शतरंज की बिसात पर ली गई हर चाल जीवन में सही निर्णय लेने की सीख देती है। उन्होंने खेल के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया कि ‘चतुरंग’ के रूप में भारत से उपजा यह खेल आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है।
सांसद ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौरव श्री बेहरा सहित शीर्ष 100 खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है और डी. गुकेश जैसे खिलाड़ियों की सफलता से युवा पीढ़ी प्रेरित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रायगढ़ के खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अशोक पटेल, उपाध्यक्ष रमेश वाणी, डॉ. राघव चड्ढा, गुरूपाल भल्ला सहित कई गणमान्य नागरिक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।









