छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़: विद्युत उपभोक्ताओं के लिए अहम कार्यशाला, जिंदल स्टील-डी में नया शिकायत फोरम कार्यालय शुरू

रायगढ़: जिंदल स्टील-डी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसी दिन जिंदल स्टील-डी परिसर में एक नए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम कार्यालय का भी उद्घाटन हुआ, जिसका मकसद उपभोक्ताओं को शिकायतों के समाधान के लिए एक सुलभ और प्रभावी मंच देना है।

उपभोक्ताओं के अधिकार और शिकायत प्रक्रिया पर चर्चा

कार्यशाला में विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकारों, तीन-स्तरीय शिकायत निवारण व्यवस्था और क्षतिपूर्ति प्रावधानों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं को समय पर सेवा न मिलने या शिकायत का निर्धारित समय में निपटारा न होने पर मिलने वाले हर्जाने के बारे में भी जागरूक किया।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य (विधि) विवेक गनोदवाले ने उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया और वैधानिक तंत्र की उपयोगिता समझाई। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा ने पहली स्तर की शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में बताया, जिसमें शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही तेजी से निपटारा सुनिश्चित करना वितरण व्यवस्था की मुख्य जिम्मेदारी है।

विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, रायगढ़ के अध्यक्ष अशोक कुमार गोयल ने शिकायत और क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट किया, जबकि जिंदल स्टील-डी के विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष संदीप नंदनवार ने फोरम के माध्यम से विवादों के समाधान और औद्योगिक उपभोक्ताओं से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला।

विद्युत लोकपाल एस.के. सोनी ने गुणवत्तापूर्ण सेवा, सही बिलिंग और समयबद्ध समाधान जैसे उपभोक्ता अधिकारों पर जोर दिया। उन्होंने शिकायत निवारण की आगे की प्रक्रियाओं और विद्युत लोकपाल की भूमिका भी समझाई। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के निदेशक (टैरिफ) सुरेंद्र सिंह ने खुदरा विद्युत दर निर्धारण और सौर ऊर्जा पर जानकारी दी, जबकि आयोग के सदस्य (तकनीकी) अजय कुमार सिंह ने नियामक आयोग की भूमिका और उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में बताया।

जिंदल स्टील-डी में खुला नया फोरम कार्यालय

इसी मौके पर जिंदल स्टील-डी में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम कार्यालय का भी उद्घाटन हुआ। यह पहल जिंदल स्टील-डी के विद्युत उपभोक्ताओं को उनकी शिकायतों और विवादों के समाधान के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी मंच प्रदान करेगी। उपभोक्ता पहले संबंधित विद्युत कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं, और अगर वहां समाधान न हो तो वे इस फोरम में अपना मामला प्रस्तुत कर सकते हैं।

कार्यशाला की शुरुआत जिंदल स्टील के उपाध्यक्ष पिनाकी भट्टाचार्य के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता को बेहतर विद्युत सेवा का अहम हिस्सा बताया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, बिलिंग और शिकायत निवारण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।

ख़बर शेयर करें:

Related News

ऑपरेशन क्लीन हंट: चेक बाउंस के 15 मामलों का स्थायी वारंटी ओडिशा से दबोचा, जेल भेजा

रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में बड़ी कार्रवाई कर 15 चेक बाउंस वारंटी को झारसुगुड़ा से गिरफ्तार किया।
सितम्बर 13, 2026

रायगढ़ कोयलांचल में श्रम शोषण का खुलासा: जांच रिपोर्ट ने खोली खदान ठेकेदारों की संगठित धांधली की परतें

छाल खदान घोटाले की जांच रिपोर्ट में मजदूरों के हक पर डकैती और फर्जीवाड़े का पर्दाफाश.
सितम्बर 10, 2026

चांपा थाने में युवक की संदिग्ध मौत: हिरासत में 25 वर्षीय शिव सहिस की जान गई, पुलिस पर हत्या का आरोप

गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में 25 वर्षीय शिव सहिस की मौत से बवाल, न्याय की मांग तेज हुई।
सितम्बर 10, 2026

जिंदल स्टील प्लांट में भीषण हादसा: ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलसा, रायपुर एयरलिफ्ट

पतरापाली स्थित जिंदल स्टील प्लांट के एसएमएस-2 यूनिट में हुई घटना, एक कर्मी गंभीर रूप से घायल, अफवाहों का कंपनी ने किया खंडन।
सितम्बर 10, 2026