रायगढ़। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान पक्षियों का शिकार कर रहे दो युवकों को वन विभाग की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। यह कार्रवाई रायगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत महापल्ली गांव के पास की गई। पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से एक एयर गन, गोलियां और तीन पक्षी बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर उड़नदस्ता दल की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के उड़नदस्ता दल को महापल्ली क्षेत्र में एयर गन से पक्षियों के अवैध शिकार की गुप्त सूचना मिली थी। मुखबिर से मिले इनपुट के आधार पर उड़नदस्ते ने मौके पर त्वरित घेराबंदी की और शिकार में लिप्त दोनों युवकों को धर दबोचा।

एयर गन जब्त, आगे की विभागीय कार्रवाई जारी
कार्रवाई के दौरान वन अमले ने आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल की जा रही एयर गन, छर्रे (गोली) और शिकार किए गए तीन पक्षियों को जब्त कर लिया है।

इस मामले में रायगढ़ रेंज की वन विभाग टीम दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक व विभागीय कार्रवाई करने में जुटी है।









