रायगढ़। शहर में नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय में अध्यापन कार्य शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं और शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने अस्थायी परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे और संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण केंद्र से होगा अस्थायी संचालन, एक माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर महाविद्यालय का संचालन क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र रायगढ़ से किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए परिसर में आवश्यक जीर्णोद्धार, कमरों की मरम्मत, दरवाजे-खिड़कियां, टाइल्स लगाने सहित अन्य कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
परिसर में जरूरी वाद्ययंत्र और फर्नीचर की व्यवस्था भी की जा रही है, जिसे लगभग एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। महाविद्यालय के स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से चल रही है। फिलहाल विद्यार्थियों के अध्यापन के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी और अन्य जरूरी संसाधन चरणबद्ध तरीके से जुटाए जा रहे हैं।
तीन विधाओं में मिलेगा अध्ययन का अवसर, पोर्टल से भी डाउनलोड होंगे फॉर्म
सत्र 2026-27 के दौरान महाविद्यालय में बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स पाठ्यक्रम के तहत संगीत, नृत्य और रंगमंच विधाओं में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रायगढ़ और आसपास के कला विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय संगीत शिक्षा मिल सकेगी।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी किरोड़ीमल शासकीय पीजी महाविद्यालय रायगढ़ से पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जिले की आधिकारिक वेबसाइट raigarh.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए नोडल अधिकारी डॉ. आनंद शर्मा के मोबाइल नंबर 9827897200 पर संपर्क किया जा सकता है। यह संस्थान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप आकार ले रहा है।









