रायगढ़। जिले में बिजली की लगातार ट्रिपिंग, लो-हाई वोल्टेज और तार टूटने जैसी समस्याओं से परेशान हाई टेंशन (एचटी) उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए ‘हाई टेंशन कंज्यूमर’ व्हाट्सएप ग्रुप में जब उनकी नाराजगी बढ़ी, तो विभाग ने समस्या दूर करने के बजाय ग्रुप को ही डिलीट कर दिया।
औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के अनुसार, बीते कुछ दिनों से बिजली की लगातार आवाजाही और ट्रिपिंग के कारण मोटरों तथा अन्य कीमती विद्युत उपकरणों के खराब होने के मामले बढ़े हैं। इससे न केवल मशीनरी को नुकसान पहुंचा है, बल्कि उत्पादन ठप होने से उद्योगों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप में विरोध दर्ज कराते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की, तो कुछ ही देर में ग्रुप हटा दिया गया।
उपकरणों के नुकसान और लचर व्यवस्था पर नाराजगी
नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि लंबे समय से जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के चलते बिजली की बार-बार आ रही समस्याओं का कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
सीएसपीडीसीएल ने आंधी-तूफान को बताया वजह
इस पूरे मामले पर सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता गुंजन शर्मा ने बताया कि बीते दिनों तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की वजह से कई क्षेत्रों में तकनीकी फॉल्ट आ गया था। इसी कारण से ट्रिपिंग हुई और बिजली आपूर्ति में व्यवधान पैदा हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्थिति को पूरी तरह सामान्य कर लिया गया है।
व्हाट्सएप ग्रुप हटाए जाने को लेकर अधीक्षण अभियंता ने कहा कि पुराने ग्रुप को समाप्त कर अब डिवीजन स्तर पर नए ग्रुप गठित किए गए हैं। विभाग का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निपटारा अधिक सुव्यवस्थित और तेजी से किया जा सके।







